सामूहिक गोवर्धन पूजन महोत्सव
“विश्व का सबसे बड़ा गौवर्धन पूजन — जहां आस्था रचती है इतिहास”
देव सेना द्वारा हर वर्ष फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित दशहरा मैदान में भव्य सामूहिक गोवर्धन पूजन महोत्सव का आयोजन किया जाता है। यह आयोजन सिर्फ एक धार्मिक क्रियाकलाप नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है। पूरे भारतवर्ष से हजारों श्रद्धालु इस महोत्सव में भाग लेते हैं और श्री गौवर्धन महाराज के पूजन व दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। पूजन के पश्चात सभी भक्त श्रद्धा भाव से अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण करते हैं।
इस महोत्सव की विशेषता यह है कि विश्व का सबसे बड़ा गौवर्धन बनाने का रिकॉर्ड भी देव सेना के नाम दर्ज है। वर्ष दर वर्ष, देव सेना द्वारा 155 फुट लंबा भव्य गौवर्धन बनाकर यह आयोजन वैश्विक स्तर पर प्रसिद्ध हुआ है। यह न केवल धार्मिक भक्ति का उदाहरण है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और गौ-सेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण भी है।
इस कार्यक्रम में देशभर से अनेक स्कूलों एवं सामाजिक संस्थाओं के बच्चे भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं और विविध सांस्कृतिक व संगीतपूर्ण प्रस्तुतियाँ देकर समारोह की गरिमा को और भी भावपूर्ण बना देते हैं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से सनातन संस्कृति, लोक कलाओं और पारंपरिक मूल्यों को जीवंत रूप से मंच पर उतारा जाता है।
गोवर्धन पूजन महोत्सव के माध्यम से देव सेना सनातन संस्कृति, गौ–संरक्षण और सामाजिक समरसता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सतत प्रयास कर रही है। यह आयोजन हर भक्त के लिए एक आध्यात्मिक अनुभव बन जाता है, जो जीवन भर स्मरणीय रहता है।











